Sunday, September 25, 2011

कालाधन व भ्रष्टाचार ही अपराध का जड़ : डीजीपी



पटना  : कालाधन व भ्रष्टाचार अपराध की जड़ है। आर्थिक अपराध दिनोंदिन बढ़ते जा रहे हैं। इसको नियंत्रित कर अपराध पर अंकुश लगाया जा सकता है। ये बातें बिहार उद्योग संघ के तत्वावधान में आयोजित बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभ्यानंद ने कहीं।
डीजीपी ने कहा कि लोगों की रातोंरात अमीर बनने की चाहत नयी-नयी समस्या पैदा कर रही हैं। बड़े अपराधों के बदले छोटे-छोटे आर्थिक अपराधों की संख्या बढ़ती जा रही है। हाल के दिनों में धोखाधड़ी के कई मामले सामने आये हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का मानवीय चेहरा लोगों के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को नकरात्मक से सकरात्मक बनाने के लिए कई कारगर कदम उठाये गये हैं। अब लोगों को गोली से नहीं कैमरे से शूट किया जा रहा है।
एक बार अपराधिक गतिविधियों में शूट हो जाने पर लोग सरकारी सुविधाओं से वंचित हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस को पहले मैन बनाने की कोशिश की जा रही है, उसके बाद पुलिसमैन बनाया जायेगा। मौके पर आये अतिथियों का स्वागत करते हुए बिहार उद्योग संघ के अध्यक्ष एस.पी.सिन्हा ने कहा कि अंग्रेजों द्वारा बनायी गयी कर प्रणाली ही भ्रष्टाचार का मुख्य वजह है। मौके पर संघ के महासचिव संजय खेमका, कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार, पूर्व अध्यक्ष के.पी.एस.केसरी सहित कई उद्योगपतियों ने भाग लिया।

No comments: